अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। उनके क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तबीयत ठीक नहीं होने के कारण मेकर्स ने नए एपिसोड की शूटिंग रोक दी है। अगले हफ्ते से शूटिंग दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। इस बीच अमिताभ ने अपने ब्लॉग में धीरे-धीरे काम और पुरानी दिनचर्या में लौटने की बात कही है। एक हफ्ते से नहीं हुई नए एपिसोड की शूटिंग अमिताभ बच्चन कई सालों से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ होस्ट कर रहे हैं। इसके जरिए वह हर सीजन में दर्शकों से जुड़ते हैं। उनकी सेहत से जुड़ी चिंताओं के चलते शो की शूटिंग पर ब्रेक लग गया है। ABP News की रिपोर्ट के मुताबिक, IANS से बातचीत में शो से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि अमिताभ पिछले कुछ समय से अच्छा महसूस नहीं कर रहे हैं। इसी वजह से मेकर्स ने नए एपिसोड की शूटिंग रोक दी है। सूत्र के मुताबिक, अमिताभ की तबीयत में सुधार हुआ तो अगले हफ्ते से शूटिंग दोबारा शुरू हो सकती है। यह उनकी सेहत पर निर्भर करेगा। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे वाला एपिसोड हुआ शूट शूटिंग रुकने से पहले शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट हुआ था। तीनों कलाकार अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ के प्रमोशन के लिए KBC पहुंचे थे। एपिसोड को शुरुआत में फिल्म की रिलीज के आसपास टेलीकास्ट करने की योजना थी। अमिताभ की सेहत से जुड़ी चिंताओं के चलते मेकर्स को टेलीकास्ट प्लान बदलना पड़ा। चैनल ने एपिसोड को फिल्म की रिलीज तक रोकने के बजाय दिवाली स्पेशल वीक में दिखा दिया। ब्लॉग में बोले- धीरे-धीरे रूटीन में लौट रहा हूं अमिताभ बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग में दिनचर्या और काम पर लौटने की बात की। उन्होंने लिखा कि वह धीरे-धीरे पुरानी दिनचर्या और कामकाज की जिंदगी में लौट रहे हैं। अमिताभ ने बताया कि रोजमर्रा की जिंदगी से दूर होने के बाद उसी रूटीन में लौटना आसान नहीं होता। उन्होंने ब्लॉग में लिखा कि कभी-कभी उन्हें अपना चश्मा, मोबाइल और कुछ घंटे पहले किए गए काम भी याद नहीं रहते। हालांकि, स्कूल की आठवीं कक्षा के दिनों की बातें उन्हें आज भी याद हैं। अमिताभ ने ब्लॉग के जरिए जाहिर किया कि ब्लॉग पढ़ने वालों, रविवार को शुभकामनाएं देने वाले प्रशंसकों और KBC के दर्शकों से जुड़ाव उनके लिए बेहद खास है। KBC की शूटिंग रुकने की वजह पर सामने आया अलग दावा अमिताभ की सेहत को लेकर आई खबरों के बीच दूसरी रिपोर्ट में अलग जानकारी सामने आई है। द इंडियन एक्सप्रेस की 7 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, शो से जुड़े एक अन्य सूत्र ने शूटिंग में ब्रेक की वजह अमिताभ की सेहत के बजाय उनकी तारीखों की अनुपलब्धता बताई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमिताभ 11 नवंबर के बाद शूटिंग के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। वहीं, SonyLIV ने बताया कि KBC के नए एपिसोड 16 नवंबर से प्रसारित होंगे।बॉलीवुड | दैनिक भास्कर
- Editor in सिनेमा-थिएटर
अमिताभ बच्चन की तबीयत बिगड़ी, KBC की शूटिंग रोकी गई:शूटिंग रुकने की वजह पर सामने आया अलग दावा
Leave a Comment
Related Post