अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनोट ने इलॉन मस्क और भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में हो रही देरी को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अभिनेता और राज्यसभा सांसद कमल हासन के बयान का समर्थन किया। कंगना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हासन की टिप्पणी की तारीफ की। कंगना ने कमल हासन की पोस्ट पर लिखा, “ओह!! यह तो चुभ गया होगा, ।” इसके बाद उन्होंने इलॉन मस्क को संबोधित करते हुए लिखा, “किसी भी अरबपति को किसी देश की नीतियां तय नहीं करनी चाहिए, चाहे वह भारत हो या अमेरिका। बहुत अच्छी बात कही और इसे अच्छी तरह समझाया। तीखा, सटीक और व्यंग्यात्मक।” कमल हासन ने इलॉन मस्क को दिया था जवाब दरअसल, इलॉन मस्क ने भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में कमल हासन ने भारत के नीतिगत और नियामक अधिकारों का समर्थन किया था। हासन ने कहा था कि किसी भी देश की नीतियां वहां के लोगों को तय करनी चाहिए, न कि अरबपतियों या विदेशी हितों को। उन्होंने सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और दूरदराज के इलाकों में लोगों को सस्ता इंटरनेट उपलब्ध कराने की जरूरत पर भी जोर दिया। कमल हासन ने यह भी कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का स्वागत करता है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने लिखा, “भारत एक लोकतंत्र है, कोई उपनिवेश नहीं। हम दुनिया का स्वागत करते हैं, लेकिन अपना भविष्य हम भारतीय तय करेंगे।” क्या है स्टारलिंक लाइसेंस विवाद? यह विवाद तब शुरू हुआ, जब इलॉन मस्क ने भारत में अपनी कंपनी स्पेसएक्स की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाए। उन्होंने यह भी सवाल किया कि भारतीय कारोबारी हितों का लाइसेंस प्रक्रिया पर कितना प्रभाव है। स्टारलिंक लो-अर्थ ऑर्बिट यानी पृथ्वी की निचली कक्षा में मौजूद सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट सेवा देती है। इससे उन इलाकों में भी इंटरनेट पहुंचाया जा सकता है, जहां पारंपरिक ब्रॉडबैंड नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। हालांकि, भारत में सेवा शुरू करने के लिए कंपनी को जरूरी नियामक मंजूरियां हासिल करनी होंगी। साथ ही, दूरसंचार नियमों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी शर्तों को भी पूरा करना होगा। कमल हासन ने अपने बयान में अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के लिए प्रतिस्पर्धा के अवसर, सस्ते इंटरनेट और देश के हितों के बीच संतुलन बनाए रखने की बात कही थी।बॉलीवुड | दैनिक भास्कर
More Stories
सेलेब्स का दिवाली सेलिब्रेशन:रजनीकांत फैंस से मिले, प्रियंका चोपड़ा की बेटी मालती ने पहना लहंगा; सारा, शाहिद, रुकल प्रीत ने पोस्ट की तस्वीरें
कैटरीना कैफ-विक्की कौशल ने दिखाई बेटे की पहली झलक:दीवाली की बधाई देते हुए लिखा- हमारी अब तक की सबसे रोशन दीवाली, एक दिन पहले मनाया पहला जन्मदिन
तबीयत बिगड़ने की खबरों के बीच भावुक पोस्ट:अमिताभ बच्चन बोले- हाथ में दर्द है, लिख नहीं पा रहा; दावा- KBC की शूटिंग रोकी गई